ऊना। माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव की समाप्ति के बाद घर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ रविवार रात दर्दनाक हादसा हुआ। ऊना जिला के कलरूही क्षेत्र में अंब-मुबारकपुर मुख्य मार्ग पर दो बाइक की भीषण टक्कर हो गई, जिसमें चार युवकों की जान चली गई। दो ने मौके पर दम तोड़ा वहीं दो ने उपचार के दौरान।
जानकारी के अनुसार, बीती रात लगभग 10:30 बजे, कलरूही पुल के पास यह हादसा हुआ। यहां पर तीन दोपहिया वाहन आपस में टकरा गए। बाइक पर सवार माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव से लौट रहे आसब खान (19) निवासी अलोह, उसका भाई इमरान (22) और रोहन (17) पुत्र सुशील कुमार तथा माता बगलामुखी मंदिर से माथा टेककर चंडीगढ़ लौट रहे अमित पुत्र किरात निवासी 6414/बी सेक्टर 56, निखिल पुत्र जीवन ठाकुर, निवासी सेक्टर 56 चंडीगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल अंब ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने आसब खान और निखिल को मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए क्षेत्रीय चिकित्सालय ऊना और फिर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। यहां इमरान और रोहन ने भी दम तोड़ दिया। एसपी ऊना, अमित यादव ने इस घटना की पुष्टि की है और बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।