कांगड़ा। स्थानीय कांगड़ा बस स्टैंड पर युवती के साथ अश्लील हरकतें करने के मामले के आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। सभी आरोपियों को चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
बता दें कि 11 जुलाई 2025 की रात कांगड़ा बस स्टैंड के निकास द्वार के ठीक बाहर हुई घटना में शामिल सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में एक नाबालिग है।
विजय कुमार निवासी गांव कोडियां, तहसील लंज, जिला कांगड़ा जो एक निजी बस में कंडक्टर के रूप में कार्यरत हैं ने शिमला से पालमपुर जा रही एक महिला पर अश्लील टिप्पणियां कीं। महिला पालमपुर जाने वाली बस का इंतजार कर रही थी।
घटना रात लगभग 11 बजे हुई। पास में खड़ा एक सज्जन मदद के लिए आया और घटना का वीडियो बनाने लगा, लेकिन कुछ लोगों के समूह ने उस पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना कांगड़ा पुलिस स्टेशन में दी गई और यौन उत्पीड़न, साधारण चोट पहुंचाने, दंगा करने और कई लोगों द्वारा साझा इरादे से किए गए कृत्यों सहित यौन उत्पीड़न की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई। विजय कुमार को 12 जुलाई 2025 की सुबह हिरासत में ले लिया गया। एसएसपी कांगड़ा स्वयं मामले की निगरानी कर रही थीं और विजय की हिरासत के कुछ ही घंटों बाद, मामले में शामिल अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
अन्य आरोपियों की पहचान पवन (29), अर्जुन (25), पंकज (21), विशाल (21) और एक 17 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई है।
डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा ने आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अपने लोगों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता सर्वोपरि है और हम अपने सभी नागरिकों को एक सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करते हैं।