ऋषि महाजन/नूरपुर। हाटली जामवाला की लापता 22 वर्षीय युवती का शव मुर्दाली झील में मिला है। युवती 11 जुलाई दोपहर से लापता थी। सभी जगह तलाश करने के बाद परिजनों ने पुलिस स्टेशन नूरपुर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। युवती के पिता की तीन माह पहले मृत्यु हुई है। घर पर अब मां और भाई हैं।
बता दें कि 11 जुलाई को प्रियंका घर पर थी। प्रियंका की मां विधवा पेंशन से संबंधित कार्य के चलते घर से बाहर गई थी। वह शाम करीब पांच बजे घर पहुंची। घर पर प्रियंका को नहीं पाया। काफी देर इंतजार करने के बाद उन्होंने प्रियंका की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कुछ अता पता नहीं चल पाया। मामले की सूचना पंचायत प्रधान सुभाष को दी गई। युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस थाना नूरपुर में दर्ज करवाई।
युवती अक्सर मुर्दाली माता मंदिर जाने की बात करती रहती थी। इसके चलते युवती की तलाश को मुर्दाली माता मंदिर क्षेत्र का रुख किया। 13 जुलाई को प्रियंका का शव मुर्दाली झील से बरामद किया गया। पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच और परिजनों के बयान के आधार पर यह प्रतीत होता है कि युवती नहाते समय फिसल कर झील में गिर गई और डूबने से उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया है। परिजनों ने किसी भी तरह का शक जाहिर नहीं किया है।
बता दें कि मुर्दाली झील में पहले भी कई लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है। स्थानीय लोग झील के किनारे सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि झील के आसपास सतर्कता बरतें और अकेले न जाएं।
पंचायत प्रधान सुभाष ने बताया कि युवती 11 जुलाई से लापता थी। युवती मुर्दाली माता मंदिर जाने की बात करती रहती थी। इसके चलते मुर्दाली माता क्षेत्र में युवती की तलाश की गई और शव झील से बरामद किया गया। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार है। युवती के पिता की तीन माह पहले मौत हुई है। घर पर अब भाई और मां है।