रेखा चंदेल/झंडूता। घुमारवीं व भराड़ी भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने गुरू रविदास जयंती हर्षोल्लास से मनाई। भाजपा ने पट्टा पंचायत के पट्टा तथा गतवाड़ पंचायत के लढयानी में समारोह का आयोजन किया।
समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग तथा उपस्थित लोगों ने गुरू रवि दास के फोटो पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
गर्ग ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज संत रविदास जी के स्वप्न को पूरा करने का कार्य कर रहे हैं। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार गरीबों के उत्थान के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं चला रखी है। उन्होंने कहा कि संत रविवास जी बेहद धार्मिक स्वभाव के थे।
रविदास भक्तिकालीन संत और महान समाज सुधारक थे। उन्होंने भगवान की भक्ति में समर्पित होने के साथ अपने सामाजिक और पारिवारिक कर्त्तव्यों का भी बखूबी निभाया। इन्होंने बिना भेदभाव के आपस में प्रेम करने की शिक्षा दी और इसी तरह से वे भक्ति के मार्ग पर चलकर संत रविदास कहलाए।
उनके उपदेशों और शिक्षाओं से आज भी समाज को मार्गदर्शन मिलता है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास संत एक महान कवि होने के साथ साथ समाज सुधारक भी थे। उन्होंने अपने जीवन काल में समाज में फैली कई बुराइयों और भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने समाज की उन्नति के लिए कई महत्वपूर्ण योगदान भी दिए हैं, जो सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि 15वीं शताब्दी में रविदास जी ने समाज में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। भक्ति और ज्ञान के लिए ही उनका जीवन समपिर्त रहा है। उन्होंने अपने जीवन में कई गीत, दोहे और भजनों की रचना की, जो मानव जाति को आत्मनिर्भरता, सहिष्णुता और एकता का संदेश देने का काम करते हैं।
इन्होंने समाज से जातिवाद, भेदभाव और सामाजिक असमानता के भाव को हटाकर भाईचारे और सहिष्णुता का भाव अपनाने का संदेश दिया। इस मौके पर भाजपा एससी मोर्चा जिला अध्यक्ष बेली राम टैगोर, जिला महासचिव लेख राम कौल, रतन कौल, जै सिंह राम, हेमराज वर्धन व सुखदेव सहित अन्य उपस्थित रहे।