चंबा। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में शुक्रवार दोपहर को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। यहां भरमौर क्षेत्र में एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई से सीधे रावी नदी में जा गिरी। इस भीषण हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा भरमौर के ढकोग-बन्नी सड़क मार्ग पर हुआ। मृतक की पहचान मुकेश कुमार (पुत्र अमर सिंह), निवासी थला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे मुकेश कुमार अपनी पिकअप गाड़ी (संख्या HP-46-A-1853) में सवार होकर ढकोह से अपने घर तरेला की तरफ जा रहा था।
जब वाहन गुवाड़ी चौक से लगभग 300 मीटर आगे पहुंचा, तो अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप अनियंत्रित होकर लगभग 400 मीटर नीचे रावी नदी में जा समाई।
हादसा इतना भयानक था कि पिकअप गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और वाहन चालक मुकेश कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए शव को नदी से बाहर निकाला और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के असल कारणों की गहनता से छानबीन की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे बुजुर्ग माता, पत्नी, दो पुत्रियां और एक पुत्र को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। इस अचानक हुए हादसे से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।