रेखा चंदेल/घुमारवीं। हिमाचल पथ परिवहन निगम के घुमारवीं सब डिपो में यात्रियों की सुविधा के लिए 10 नई इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाई गई हैं। ये बसें स्थानीय रूटों पर संचालित की जा रही हैं।
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से यात्रियों को आधुनिक, आरामदायक और प्रदूषण रहित यात्रा की सुविधा मिल रही है। इनमें से एक इलेक्ट्रॉनिक बस घुमारवीं, ऋषिकेश, ज्योरीपतन, झंडूता नाहरल समोह, घुमारवीं रूट पर चल रही है।
45 वर्ष बाद लोगों को ऐसी स्वच्छ और साफ सुथरी बस का सफर करने का मौका मिला। क्योंकि जो बस आज तक इन इलाकों में चलती थी, वह बहुत ही टूटी फूटी और कहीं भी रुक जाती थी। इलेक्ट्रिक बस का तोहफा मिलने से यात्री काफी खुश हैं।
यात्रियों का कहना है कि नई इलेक्ट्रिक बस में बैठकर अच्छा लग रहा है। अच्छी सुविधा मिली है। एक महिला का कहना है कि नई इलेक्ट्रिक बस में बैठकर ऐसा लग रहा जैसे मैं प्लेन में बैठी हूं।
बता दें कि इलेक्ट्रिक बसें निर्धारित समय के अनुसार चलेंगी, जिससे यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी। नई इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने के बाद घुमारवीं सब डिपो में बसों की कुल संख्या 21 ही रहेगी।
इसके तहत 10 सामान्य डीजल बसों को अन्य स्थानों पर स्थानांतरित किया गया इसके बाद घुमारवीं सब डिपो से 11 सामान्य बसों और 10 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया। यह कदम क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने के साथ-साथ प्रदूषण कम करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।