तपोवन (धर्मशाला)। तपोवन धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में एक तरफ भाजपा ने सुक्खू सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया तो दूसरी तरफ सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा पर तीखा हमला बोला। तपोवन में मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा प्रदेश में पांच गुटों में बंटी हुई है और लगातार सरकार पर केंद्र से दबाव बनाने की कोशिश कर रही है।
मुख्यमंत्री ने भाजपा के पोस्टर पर तंज कसते हुए कहा कि पोस्टर पर केवल तीन गुटों, जयराम ठाकुर, राजीव बिंदल, अनुराग ठाकुर की तस्वीर लगी हैं और इसके साथ लिखा गया है “भ्रष्टाचार”, जो खुद को दर्शा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठे आरोप लगाकर सरकार पर दबाव डाल रही है, जबकि सरकार अनाथ बच्चों, विधवाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए योजनाएं लागू कर रही है।
फिर भी भाजपा झूठे आरोप और पोस्टरों के माध्यम से सरकार पर दबाव डाल रही है। भाजपा नेता पहले यह बताएं कि 4500 बीघा जमीन पर कितना भ्रष्टाचार हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपये की राशि भी भाजपा नेताओं द्वारा रोक दी जा रही है।
हिमाचल के लिए प्रधानमंत्री ने 1500 करोड़ रुपये की राशि की घोषणा की, लेकिन भाजपा नेताओं ने इसे रोकने का प्रयास किया। यह साफ दिखाता है कि भाजपा केवल दबाव बनाने और जनता को भ्रमित करने में लगी है।