ऋषि महाजन/नूरपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के नूरपुर निवासी देवांश ने जापान में देश व प्रदेश का मान बढ़ाया है। देवांश अकेला छात्र था जिसे देशभर से चयनित 34 विद्यार्थियों के समूह के साथ शकुरा साइंस हाई स्कूल प्रोग्राम, जापान में भाग लेने का अवसर मिला।
यह कार्यक्रम 17 अगस्त से 23 अगस्त 2025 तक जापान के टोक्यो शहर में आयोजित हुआ, जहां देवांश और अन्य छात्रों ने विज्ञान और तकनीक की नवीनतम शोध व खोजों से रूबरू होकर महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त किए।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सदवां के छात्र देवांश का यह चयन उसकी उत्कृष्ट प्रतिभा और परिश्रम का परिणाम है। वर्ष 2025 में राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी, जिसे एससीईआरटी सोलन द्वारा आयोजित किया गया था, में देवांश ने अपने मॉडल से प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसी उपलब्धि के आधार पर उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ।
विद्यालय की प्रिंसिपल चंचला देवी के मार्गदर्शन में तथा फिजिक्स लेक्चरर कुलजीत सिंह की विशेष देखरेख और गाइडेंस से देवांश ने यह मुकाम हासिल किया। विद्यालय के समस्त अध्यापकों, छात्रों और प्रबंधन समिति ने देवांश की इस सफलता पर गर्व व्यक्त किया।
इस मौके पर प्रिंसिपल चंचला देवी ने कहा कि देवांश ने विद्यालय और जिला कांगड़ा का ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सदवां में हर्ष और गर्व का वातावरण देखने को मिला जब कक्षा 12वीं के छात्र देवांश अपने एस्कॉर्ट टीचर लेक्चरर फिजिक्स कुलजीत सिंहके साथ विद्यालय पहुंचे। विद्यालय परिवार ने देवांश का गर्मजोशी से स्वागत किया और उसकी इस उपलब्धि पर बधाई दी