रेखा चंदेल/झंडूता। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला के झंडूता में योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन और अस्मिता लीग खेलो इंडिया खेलो के तहत आयोजित राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में संघ की वंशिका ने स्वर्ण पदक जीता है। वंशिका ने 18 आयु वर्ग से ऊपर पारंपरिक योगासन स्पर्धा में ये स्वर्ण पदक हासिल किया है।
अवतार सिंह और ज्योति कुमारी निवासी ग्राम संघ डाकघर जाबलू जिला बिलासपुर की पु्त्री वंशिका ने हैरतअंगेज योगासन कर सभी को दांतों तले उंगली चबाने के लिए मजबूर कर दिया। हर कोई वंशिका की सराहना कर रहा था। स्वर्ण पदक जीत कर वंशिका व उसके माता-पिता बेहद खुश हैं।
बता दें कि योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन और अस्मिता लीग खेलो इंडिया खेलो के तहत आयोजित इस राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का शुभारंभ तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने किया था। इस मौके पर झंडूता के कांग्रेस नेता विवेक कुमार, जिला परिषद सदस्य प्रोमिला वसु और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 जिलों की 200 महिलाएं भाग लिया था। यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर की योगासन प्रतियोगिता का हिस्सा है, जिसे इस बार हिमाचल प्रदेश में पहली बार करवाया गया।