ऋषि महाजन/नूरपुर। देवभूमि हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा की तहसील नूरपुर की पंचायत बासा वजीरा के गांव कंडी के रहने वाले आर्य भरमौरी दूरदर्शन टीवी डीडी हिमाचल पर दिखेंगे। आर्य भरमौरी के परिजन इससे काफी खुश हैं, वहीं आर्य भरमौरी का भी टीवी पर आने का सपना पूरा होने जा रहा है।
आर्य भरमौरी का 2023 में "नूरपुरे दिए शैल गोरिये", 2024 में लोकप्रिय गीत "तेरा मेरा होणा वो व्याह" और 2025 में लोकप्रिय गीत "मेरी कदर" यूट्यूब पर रिलीज हो चुके हैं। इससे पहले भी कई गाने गा चुके हैं, जिसे लोगों का काफी प्यार मिला है।
आर्य भरमौरी ने बताया कि दूरदर्शन शिमला में "नमस्ते हिमाचल" कार्यक्रम में उन्हें जाने को मौका मिला है। कहा कि उनके लिए यह बहुत बड़ा मंच है। आर्य भरमौरी ने बताया कि आज वह जो भी हैं, अपने माता-पिता, बुजुर्गों और गुरुजनों और कुलदेव केलंग वजीर जी की वजह से हैं। साथ ही उन्होंने दर्शकों और अपने फैन का धन्यवाद किया।
आर्य भरमौरी की उम्र 22 वर्ष है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव कंडी से हुई है और माध्यमिक शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाच्छ से पूरी हुई। उसके बाद उन्होंने नूरपुर से कंप्यूटर कोर्स किया। नूरपुर कॉलेज में उन्होंने बीए म्यूजिक में एडमिशन ली, लेकिन घर कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण वह अपनी शिक्षा पूरी नहीं कर पाए।
वह कॉलेज की गुरु भारती ठाकुर को अपना आदर्श मानते हैं। उन्होंने बताया कि संगीत का शौक उन्हें बचपन से ही था। घर में भी गीत संगीत का माहौल पहले से है।