ऋषि महाजन/नूरपुर। शहीद राम सिंह पठानिया स्मारक समिति नूरपुर जिला कांगड़ा द्वारा एक नई पहल की है। समिति ने नूरपुर के सामुदायिक भवन में पहले रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इसमें करीब 70 डोनर ने रक्तदान किया। इस मौके पर कांगड़ा-चंबा लोकसभा सांसद राजीव भारद्वाज और नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का भी मौजूद थे।
शहीद राम सिंह पठानिया स्मारक समिति नूरपुर के सचिव अनीश ठाकुर ने बताया कि समिति द्वारा पहले रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। 23 मार्च शहीदी दिवस पर कार्यक्रम का प्लान था, लेकिन एक अन्य क्लब का 23 मार्च को प्रोग्राम होने के चलते इसका आयोजन आज 2 मार्च को किया गया। इसमें 70 से अधिक डोनर ने पंजीकरण करवाया। समिति की ओर से भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।
कांगड़ा-चंबा लोकसभा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि शहीद राम सिंह पठानिया स्मारक समिति नूरपुर ने सेवा का नया आयाम शुरू किया। इस कड़ी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। उन्हें और विधायक रणवीर सिंह निक्का को इस मौके पर बुलाने के लिए उन्होंने समिति का आभार जताया। उन्होंने कहा कि समिति क्षेत्र की शान है। इस अवसर पर राजीव भारद्वाज ने स्वर्गीय बलदेव परमार को भी याद किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय बलदेव परमार ने जो पौधा रोपा था, वह अब बटवृक्ष बन गया है। शहीद राम सिंह पठानिया को लेकर उन्होंने कहा कि वह स्वतंत्रता संग्राम के प्रथम योद्धा थे।