किलाड़। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के कर्मचारियों को एक जून से डीए की 3 फीसदी अतिरिक्त किस्त जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने अब तक 14 फीसदी डीए कर्मचारियों को जारी किया है। एक जून से 70 से 75 साल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बकाया एरियर का भुगतान कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पांगी के किलाड़ में राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने पांगी घाटी की महिलाओं को इंदिरा गांधी सम्मान निधि योजना के तहत 1500-1500 रुपए की तीन किस्त जारी करने की घोषणा की है। महिलाओं को अप्रैल, मई और जून माह की किस्त जल्द खाते में आएगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की बाकी पात्र महिलाओं को भी यह सम्मान निधि जल्द मिलेगी।
उन्होंने पांगी घाटी के बेरोजगार युवाओं के लिए 20 बस परमिट जारी करने की घोषणा की है। सरकार डीजल बस खरीद पर 40 फीसदी सब्सिडी प्रदान करेगी। उन्होंने साच को सब तहसील का दर्जा देने का भी ऐलान किया। पांगी डिवीजन को प्रदेश का पहला प्राकृतिक खेती सब डिवीजन बनाने की भी घोषणा की। इसके लिए 5 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की जाएगी।
उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को हिमाचल दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले दो साल में हिमाचल की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के प्रयास किए हैं। हिमाचल में निजी क्षेत्र में 1 हजार बस रूट आवंटित होंगे। इस साल सरकार 25 हजार से अधिक भर्तियां करेगी।