सोलन। जिला सोलन पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना सुबाथू की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि अमित गेस्ट हाउस रडियाणा (धर्मपुर) में छह युवक ठहरे हुए हैं, जो चिट्टा (हेरोइन) की बिक्री और सेवन में लिप्त हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत गेस्ट हाउस में दबिश दी। तलाशी के दौरान एक कमरे से 2.47 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद की गई। मौके पर मौजूद छह युवकों को हिरासत में लेकर थाना धर्मपुर में मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इंदर देव उर्फ दानु (40 वर्ष) पुत्र स्व. मदन लाल, निवासी मंडोढघाट, सुन्नी, शिमला, विक्की डोगरा (36 वर्ष) पुत्र ज्ञान सिंह, निवासी मतोट, ठियोग, शिमला, करण गौतम (24 वर्ष) पुत्र हरीश कुमार, निवासी सुन्नी, शिमला, निखिल रंजन ((29 वर्ष)) पुत्र सतपाल रंजन, निवासी बलोआ, ठियोग, शिमला, राजेंद्र शर्मा (31 वर्ष) पुत्र शंकर देव, निवासी सबोट, करसोग, मंडी, निशु शर्मा (27 वर्ष) पुत्र कृष्ण दत्त शर्मा, निवासी उल्ल्वी दक्खन छैला, ठियोग, शिमला के रूप में हुई है।
मुख्य आरोपी दानु का आपराधिक इतिहास चौंकाने वाला है। जांच में पता चला कि इंदर देव उर्फ दानु एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ शिमला, अन्य जिलों और बाहरी राज्यों के विभिन्न थानों में कुल 51 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें 4 मादक पदार्थ अधिनियम, 23 आबकारी अधिनियम, 17 चोरी व सेंधमारी, 4 सड़क दुर्घटना और 3 मारपीट के मामले शामिल हैं।
पुलिस अन्य पांच आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। सभी को BNSS की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर पाबंद किया गया है। थाना सुबाथू पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा है। पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में भी जुटी हुई है।