शिमला। हिमाचल प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग में शिक्षकों और गैर शिक्षकों के 18044 पद रिक्त हैं। इसमें शिक्षकों के 11716 और गैर-शिक्षकों के 6328 पद शामिल हैं। प्रधानाचार्य के 86, मुख्याध्यापक के 386, प्रवक्ता के 2642, डीपीई के 164, टीजीटी (कला) के 581, टीजीटी (नॉन मेडिकल) के 584, टीजीटी (मेडिकल) के 362 पद रिक्त हैं।
वहीं, उर्दू शिक्षक के 70 पंजाबी के 34, योग के 12, संगीत के 22, गृह शिक्षक के 149, शारीरिक शिक्षक के 1011, कला अध्यापक के 197, भाषा अध्यापक के 230, शास्त्री के 796 पद रिक्त हैं। खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी के 15, केंद्र मुख्य शिक्षक के 150, मुख्य शिक्षक के 658, जेबीटी के 3667 के पद खाली चल रहे हैं।
अधीक्षक ग्रेड एक के 7, दो के 36, वरिष्ठ सहायक के 1088, लिपिक/जूनियर ऑफिस असिस्टेंट आईटी के 1280, जेओए लाइब्रेरी के 758, प्रयोगशाला परिचर के 1732 और सेवादार/चौकीदार/सफाई कर्मचारी के 1427 पद रिक्त पड़े हैं। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा के सवाल के जवाब में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मुहैया करवाई है।
वर्तमान में प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च तथा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों का औसत छात्र शिक्षक अनुपात (PTR) क्रमशः 12, 7, 8 एवं 11है, अर्थात इन श्रेणियों क्रमशः प्रत्येक 12, 7, 8 एवं 11 छात्रों के लिए एक अध्यापक उपलब्ध है। इस दृष्टि से अध्यापक के पदों के युक्तिकरण की प्रक्रिया निरंतर जारी है एवं युक्तिकरण के अनुसार रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरा जा रहा है।
सरकार द्वारा कुल 42 राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल बनाने का निर्णय लिया गया है। इनमें से 11 विद्यालयों का निर्माण कार्य जारी है। इसके अतिरिक्त वर्तमान में कार्यशील सरकारी विद्यालयों को भी राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के रूप में उन्नयन किया जा रहा है।
सरकार द्वारा अभी तक प्रदेश के 130 स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए प्रवक्ता स्कूल न्यू भूगोल के 51, संगीत वाद्य के 76, आईपी के 8, मनोविज्ञान के 97, ललित कला के 93, संस्कृत के 64, समाजशास्त्र के 77, अर्थशास्त्र का 1, अंग्रेजी के 69, डिप्लोमा इन फिजिकल एजुकेशन के 24, विशेष शिक्षक के 130, चौकीदार के 130, सफाई कर्मचारी के 130 सहित 950 पद सृजित किए गए हैं।
इन पदों को चरणबद्ध तरीके से हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग एवं हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के माध्यम से भरा जाएगा। इसके अतिरिक्त इन स्कूलों में एक विशेष स्कीम के तहत 400 अंग्रेजी भाषा अध्यापक, 400 गणित विषय अध्यापक, 150 संस्कृत विषय अध्यापक, 150 शारीरिक शिक्षा अध्यापक, 150 संगीत अध्यापक एवं 150 कला अध्यापकों को भरने का नीतिगत निर्णय लिया गया है।
प्रवक्ता (स्कूल न्यू) ललित कला के अतिरिक्त, इन पदों हेतु भर्ती एवं पदोन्नति नियम नहीं बनाए गए हैं तथा पहले से मौजूद भर्ती एवं पदोन्नति नियम लागू रहेंगे। प्रवक्ता स्कूल न्यू ललित कला के लिए भर्ती एवं पदोन्नति नियम बनाए जाएंगे।