राकेश चंदेल/बिलासपुर। श्री नयना देवी विधानसभा क्षेत्र के बैहल पंचायत के प्रतिभाशाली और ऊर्जावान युवा रामपाल चौधरी को भाजपा युवा मोर्चा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जैसे ही उनके अध्यक्ष बनने की घोषणा हुई, पूरे क्षेत्र में हर्ष की लहर दौड़ गई।
रामपाल चौधरी रविवार को जब टोबा पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार और भव्य स्वागत किया। जगह-जगह ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ताओं और युवाओं ने नारे लगाकर इस ऐतिहासिक क्षण को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मान सिंह धीमान, मंडल अध्यक्ष भाजपा लोअर मंडल बलवीर पप्पी, युवा मोर्चा अध्यक्ष प्रेम ठाकुर, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष रामलाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे और उन्होंने चौधरी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रामपाल चौधरी मेहनती, मिलनसार और कर्मठ व्यक्तित्व के धनी हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा युवा मोर्चा न केवल और अधिक मजबूत होगा बल्कि संगठन को नई दिशा और ऊंचाई भी मिलेगी।