नगरोटा बगवां। कांगड़ा जिला के नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के लुदरेड गांव में एक भतीजे ने जमीनी विवाद के चलते अपने चाचा की जान ले ली। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, चाचा अशोक कुमार सुबह 8 बजे अपने घर से मजदूरी करने के लिए जा रहा था उसी समय भतीजे सुखविंदर (26) ने चाचा की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा अशोक कुमार अपने दो भाइयों के साथ ही रहता है। हाल ही में सरकारी योजना के तहत नए मकान का निर्माण किया था। अशोक कुमार अपनी दो बेटियों और पत्नी के साथ यहीं रह रहा था।
परिवार में जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसके अलावा, फोरलेन में जमीन आने पर मुआवजे को लेकर भी रिश्तेदारों में तनातनी रही थी। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि अशोक कुमार ने पहले भी आरोपी सुखविंदर के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ और अंततः इस खूनी वारदात के रूप में सामने आया।
अशोक कुमार सुबह जब घर से काम के लिए निकला तो भतीजे ने उसे रोक दिया। उसके बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई तो बताया कि भतीजे ने उस पर चाकू से करीब 7-8 वार किए।
आस पास के लोग चीखने की आवाज सुनकर आए तो अशोक कुमार खून से लथपथ पड़ा था। ग्रामीण अशोक कुमार को टांडा मेडिकल कॉलेज ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, वारदात के बाद आरोपी अपने घर चला गया जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।