ऋषि महाजन/इंदौरा। विधानसभा क्षेत्र इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन ने आज स्थानीय वन विश्राम गृह में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्षेत्र में इस मानसून सीजन में आई बाढ़ से संबंधित स्थिति और राहत कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि गत दिनों हुई भारी बरसात और पौंग बांध से पानी छोड़े जाने के कारण इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के अनेक गांव बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इस दौरान किसानों की फसलें नष्ट हुईं, कई घरों तथा दुकानों को नुकसान पहुंचा और पशुधन की हानि भी हुई है।
विधायक मलेंद्र राजन ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा प्रभावित परिवारों के लिए राहत राशि में संशोधन किया गया है। मकानों, फसलों और पशुओं के साथ-साथ क्षतिग्रस्त दुकानों, ढाबों तथा कृषि व बागवानी भूमि के लिए भी मुआवजा राशि में कई गुना बढ़ोतरी की गई है।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता और पीड़ित परिवारों के प्रति उनकी चिंता को दर्शाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में मुख्यमंत्री स्वयं इंदौरा क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए थे और पल-पल की जानकारी ले रहे थे। मुख्यमंत्री ने यह सुनिश्चित किया कि प्रभावित परिवारों को शीघ्र और पर्याप्त सहायता प्रदान की जाए।
विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री तथा उन्होंने स्वयं विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे घर-घर जाकर नुकसान का आकलन करें। उन्होंने कहा कि नुकसान का सटीक मूल्यांकन होने पर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि राहत राशि सही लाभार्थियों तक पहुंचे।
मलेंद्र राजन ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कोई भी प्रभावित परिवार सहायता से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ राहत कार्यों को अंजाम दें।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक ने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई करना आसान नहीं है, लेकिन प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन मिलकर हर संभव प्रयास करेंगे कि पीड़ितों को राहत और सहारा मिल सके।