ऋषि महाजन/इंदौरा। इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और मौके पर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें ढांढस बंधाया।
विधायक ने बताया कि पौंग डैम से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है, जिसके कारण इंदौरा क्षेत्र की 17 पंचायतें बाढ़ की चपेट में हैं। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के चलते डैम का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है और बीबीएमबी द्वारा 1 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बाढ़ की इस आपदा से लोगों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर घरों, दुकानों और खेतों में पानी भरने से लोगों की संपत्ति को क्षति हुई है। फसलों का भी नुकसान हुआ है, जिससे किसानों की आजीविका पर गहरा असर पड़ा है।
विधायक ने बताया कि प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और प्रशासन लगातार रेस्क्यू अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर अभी भी लोग फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने के लिए एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें दिन-रात कार्य कर रही हैं। राहत शिविरों में प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, पीने योग्य पानी और चिकित्सा सुविधाओं का पूरा प्रबंध किया गया है।
दौरे के उपरांत विधायक मलेंद्र राजन ने उपायुक्त कांगड़ा, पुलिस अधीक्षक नूरपुर तथा अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर किए जाएँ ताकि प्रभावित लोगों को शीघ्र सहायता मिल सके।
उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार और प्रशासन मिलकर राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करेंगे। प्रभावित लोगों को हर संभव मदद प्रदान की जाएगी और उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा की घड़ी में सरकार जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं।