नगरोटा बगवां। कांगड़ा जिला के पुलिस स्टेशन नगरोटा बगवां के तहत चरस सहित गिरफ्तार दुकानदार मामले में बड़े खुलासे हुए हैं। मामले में अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच में पता चला है कि मुख्य आरोपी सतीश कुमार नगरोटा बगवां में कपड़ों की दुकान चलाने की आड़ में लंबे समय से चरस का धंधा कर रहा था। आरोपी कुल्लू से भारी मात्रा में चरस खरीदकर स्थानीय युवाओं तक पहुंचाता था। इसका अपनी कपड़ों की दुकान को ढाल बनाकर लोगों को नशे की गिरफ्त में फंसाना इसका मुख्य कार्य था।
कुल्लू जिले का रहने वाला दौलत राम उर्फ देव सप्लायर की भूमिका निभाता था। यह नशे की खेप तैयार कर मुख्य आरोपी सतीश कुमार तक पहुंचाता था। जांच के दौरान Backward linkage से इसका नाम सामने आया और गिरफ्तार किया गया।
इसकी गिरफ्तारी से यह स्पष्ट हुआ कि यह गिरोह नशे की आपूर्ति श्रृंखला (supply chain) की अहम कड़ी था। सन्नी निवासी जोगिन्द्रनगर मुख्य आरोपी सतीश कुमार का सहयोगी था। बैंक खातों की जांच में इसके साथ 10 लाख रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन पाए गए, जिससे पाया गया कि यह भी इस अवैध कारोबार में संलिप्त है।
बता दें कि नगरोटा बगवां पुलिस टीम ने 8 अगस्त 2025 को स्थानीय व्यक्ति सतीश कुमार पुत्र किशन चन्द, गांव कालीजन, डाकघर लिल्ली, तहसील नगरोटा बगवां, जिला कांगड़ा को 229 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया था। मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करके मामले की जांच आग बढ़ाई।
जांच में पाया गया कि सतीश कुमार नगरोटा में एक छोटी सी कपड़े की दुकान करता है तथा काफी समय से नशे के कारोबार में संलिप्त था। मामले की गहन जांच, तकनीकी विश्लेषण एवं पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि सतीश कुमार को चरस दौलत राम उर्फ देव निवासी जिला कुल्लू से प्राप्त हुई थी।
पुलिस टीम ने तत्पश्चात कार्रवाई करते हुए 16 अगस्त 2025 को दौलत राम को गिरफ्तार कर लिया। इसके अतिरिक्त जांच को आगे बढ़ाते हुए इस अभियोग में तीसरे आरोपी सन्नी निवासी जोगिन्द्रनगर को गिरफ्तार कर लिया है।
कांगड़ा पुलिस ने जनता से अपील की है कि नशे के विरुद्ध इस अभियान में भागीदार बनें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना को दें और अपने क्षेत्र को नशामुक्त बनाने में पुलिस का साथ दें।