लंज। कांगड़ा जिला के गांव कलर कोड़िया निवासी बुजुर्ग दंपति पर दुखों का पहाड़ टूटा है। बारिश के चलते उनके आशियाने का एक हिस्सा गिर गया है। बुजुर्ग दंपति के दो बेटे हैं। बुजुर्ग दंपति और दोनों बेटे अलग-अलग रहते हैं।
बता दें कि पंचायत डडोली के अंतर्गत गांव कलर कोड़िया के वार्ड नंबर 1 निवासी रतन चंद खेती बाड़ी का काम करते हैं। बुधवार करीब एक बजे रतन चंद और उनकी पत्नी घर पर थे। उन्हें जोर का धमाका सुनाई दिया। आवाज सुनकर रतन चंद और उनकी पत्नी बाहर निकले तो देखा कि उनके मकान का एक हिस्सा गिर चुका है। यह देखकर वे दोनों मकान से बाहर निकल आए।
इसके बाद पंचायत प्रधान को इस बारे सूचित किया गया। साथ ही स्थानीय लोगों की मदद से मकान के अंदर का जरूरी सामान बाहर निकाला। गनीमत यह रही कि जान माल का कोई भी नुकसान नहीं हुआ है। लोगों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि रतन चंद को उचित मुआवजा दिया जाए। रतन चंद और उनकी पत्नी अब एक बेटे के पास रह रहे हैं।