मंडी। छोटी काशी मंडी में 27 फरवरी से 5 मार्च तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का आगाज करने के लिए मंडी जनपद के आराध्य बड़ा देव कमरूनाग टांडी से मंडी के लिए रवाना हो गए हैं।
आज देवता की छड़ी को विधिवत पूजा-अर्चना करने के बाद उनके भंडार से बाहर निकाला गया और उसके बाद देवता दल बल के साथ मंडी के लिए रवाना हुए।
9 दिन की पैदल यात्रा करने के बाद 25 फरवरी को शाम 3:00 बजे देव कमरूनाग मंडी पहुंचेंगे। यहां डीसी मंडी अपूर्व देवगन उनका स्वागत करेंगे। इस यात्रा के दौरान देव कमरुनाग रास्ते में अपने भक्तों के घरों पर भी रुकेंगे।
देवता के कारदार कहान सिंह ने बताया कि देव कमरूनाग मंडी के लिए रवाना हो गए हैं। रास्ते में बहुत से भक्तों ने देवता को अपने घर पर आमंत्रित किया है जहां देवता मेहमाननवाजी करवाते हुए मंडी आएंगे।
बता दें कि मंडी जनपद के आराध्य बड़ा देव कमरूनाग वर्ष में सिर्फ एक बार मंडी आते हैं। इनके मंडी पहुंचने के बाद शिवरात्रि महोत्सव का आगाज होता है। 8 दिन तक देव कमरुनाग टारना माता मंदिर में विराजमान रहते हैं जहां भक्त उनके दर्शन कर आशीर्वाद लेते हैं।