शिमला। हिमाचल प्रदेश में 30 जून को अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी है। वहीं, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर के लिए रेड अलर्ट है। इसके चलते तीन जिलों कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में आज शिक्षण संस्थान बंद रखे हैं।
प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे से बारिश का दौर जारी है। शिमला जिला में भी बारिश ने कहर बरपाया है। पिछली रात को रामपुर के सरपारा पंचायत के सिकासेरी गांव में बादल फटा है।
इसमें राजेंद्र कुमार पुत्र पलास राम का एक कमरा, एक रसोईघर, एक कोठार, एक गौशाला क्षतिग्रस्त हो गई। साथ ही एक गाय और दो बछड़े बह गए।
विनोद कुमार पुत्र पलास राम की एक गौशाला और गाय बह गई है। गोपाल सिंह पुत्र पलास राम की एक गाय और एक गौशाला बह गए। किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
वहीं, चमियाणा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की ओर जाने वाली सड़क पर मथु कॉलोनी में एक इमारत ढह गई। इसमें कोई भी व्यक्ति नहीं रहता था, इसलिए किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
भारी बारिश के कारण केर्गडू कीस्टोन के पास भूस्खलन और रिटेनिंग दीवार ढह गई। जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। वाहनों की आवाजाही के लिए बाईपास रोड का इस्तेमाल किया जा रहा है।
उधर, शिमला जिला की उप तहसील जलोग में जलोग से करीब 4 किलोमीटर आगे पिकअप खाई में गिरी है। हादसे में 3 लोगों में से 2 की मौत हो गई है और एक लापता है। पुलिस के जवान भी मौके पर मौजूद हैं। पटवारी ओगली को मौके पर भेज दिया गया है।