ऋषि महाजन/नूरपुर/चंबा। भूस्खलन के चलते चंबा-भरमौर मार्ग के बग्गा क्षेत्र में NDRF टीम ने तेजी से कार्रवाई कर 77 लोगों (66 पुरुष और 11 महिलाएं) को सुरक्षित निकाला। इनमें स्थानीय दुकानदार, निवासी और यात्री शामिल थे। सभी को सुरक्षित चंबा की ओर भेजा गया।
बता दें कि भूस्खलन के चलते चंबा-भरमौर मार्ग के बग्गा क्षेत्र भी बड़ी संख्या में लोगों के फंसे होने की सूचना एनडीआरएफ को मिली थी।
जानकारी के मुताबिक यहां 50-60 लोग फंसे थे। राहत कार्य में जुटी NDRF टीम ने तेजी से कार्रवाई कर उक्त 77 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के जंगमबाग, चंबी में भारी बारिश के बाद दो आवासीय मकान ढह गए। यहां 6–7 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका थी।
सलापड़ से NDRF टीम को मौके पर भेजा गया। एसडीआरएफ, पुलिस और होमगार्ड के साथ मिलकर चलाए गए अभियान में 5 शव बरामद किए गए।
एनडीआरएफ ने कहा है कि वह अपने मूल ध्येय जीवन की रक्षा और आपदा पीड़ा को कम करनाके प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी टीमें हाई अलर्ट पर हैं और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है।