कसौली। सोलन जिला के कसौली क्षेत्र के शनोगी गांव में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। शादी को अभी तीन महीने ही हुए थे कि पति ने अपनी पत्नी को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।
जानकारी के अनुसार, चतर सिंह (43) और उसकी पत्नी सुमन (38) के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि चतर सिंह ने अपना आपा खो दिया और घर में रखे एक पैने हथियार से सुमन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वार इतने घातक थे कि सुमन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि इस जोड़े का विवाह अभी पिछले साल नवंबर 2025 में ही हुआ था। जिस घर में अभी नई शादी की खुशियां गूंजनी चाहिए थी, वहां अब मातम और पुलिस की जांच चल रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कुठाड़ पुलिस चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को सुमन का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला, जिसके शरीर और गर्दन पर गहरे जख्मों के निशान थे।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार शाम को आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह घरेलू हिंसा का मामला लग रहा है। हालांकि, हत्या की असली वजह और पूरी कड़ियों को जोड़ने के लिए फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग करेगी ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाए जा सकें।