चंबा। हिमाचल के जिला चंबा में एचपी स्टेट सीनियर वूमेन चेस चैंपियनशिप-2026 में हमीरपुर की स्निग्धा शर्मा ने पहला स्थान झटका है। वहीं, शिमला की सान्वी परिहार दूसरे, कांगड़ा की आरशिया चौधरी तीसरे स्थान पर रही हैं। हमीरपुर की पलक ठाकुर और आर्निका ठाकुर चौथे और पांचवें स्थान पर आई हैं।
बता दें कि जिला चंबा चेस एसोसिएशन (DCCA) द्वारा आयोजित एचपी स्टेट सीनियर वूमेन चेस चैंपियनशिप-2026 का आज बचत भवन, चंबा में समापन हुआ। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से महिला शतरंज खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा एवं खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि सीमा नरयाल, पूर्व जिला परिषद सदस्य ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर गेस्ट ऑफ ऑनर ममता पठानिया एवं ज्योति भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
समारोह के दौरान प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाली सभी खिलाड़ियों के साथ-साथ चैंपियनशिप में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए। आयोजकों ने कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी का उत्साहवर्धन करना और महिला शतरंज को प्रोत्साहित करना इस आयोजन का महत्वपूर्ण उद्देश्य रहा। इस प्रतियोगिता की शीर्ष 4 खिलाड़ी तेलंगाना में होने वाली नेशनल सीनियर वूमेन चेस चैंपियनशिप 2026 में हिमाचल प्रदेश का नेतृत्व करेंगी।
इस अवसर पर चंदन सहगल एवं जितेश शर्मा को भी जिला चंबा चेस एसोसिएशन के प्रति उनकी उत्कृष्ट सेवाओं, समर्पण, सहयोग एवं निरंतर प्रतिबद्धता के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। DCCA के अध्यक्ष नवजोत जोशी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में महिला शतरंज प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाना एसोसिएशन की प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्य अतिथि सीमा नरयाल, पूर्व जिला परिषद सदस्य ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि महिलाओं की खेलों में बढ़ती भागीदारी समाज के लिए सकारात्मक संदेश है।
इस आयोजन को सफल बनाने में जिला चंबा शतरंज एसोसिएशन (DCCA) के सभी सदस्यों ने अहम भूमिका निभाई है, जिनमें प्रमुख रूप से चन्दन चौणा (उपाध्यक्ष), चंदन सहगल (मुख्य आर्बिटर), जितेश शर्मा (SNA), सुशील गुप्ता, तनुज रैना, कमलेश्वर सिंह, जितेन्द्र सहगल, भूपेश ठाकुर, अमोल शर्मा, चेतन वासुदेव, सुम्मोहित जमदग्नि और अमित कुमार शामिल हैं।