रेखा चंदेल/झंडूता। नगर परिषद घुमारवीं के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बनाए गए फुटपाथों पर हो रहे अवैध कब्जों को लेकर लोगों की शिकायत के बाद भी प्रशासन द्वारा केवल नाममात्र की कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई भी इतनी कमजोर और अस्थायी होती है कि उसके कुछ ही घंटों या दिनों बाद फिर से वही फुटपाथ अतिक्रमण के कब्जे में हो गया है।
यह सिलसिला लंबे समय से जारी है, जिससे यह साफ प्रतीत होता है कि प्रशासनिक कार्रवाई महज औपचारिकता बनकर रह गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे बनाए गए फुटपाथ आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए बनाए गए थे, लेकिन आज वे अवैध कब्जाधारियों, दुकानदारों और बेतरतीब खड़ी गाड़ियों के हवाले हो चुके हैं।
कहीं दुकानदार बेखौफ होकर फुटपाथों पर अपना सामान सजा रहे हैं तो कहीं वाहन चालक इन्हें स्थायी पार्किंग समझ बैठे हैं। न तो किसी को नियमों का भय है और न ही प्रशासनिक कार्रवाई का।
सबसे गंभीर चिंता का विषय यह है कि लोगों की बार-बार की शिकायतों के बाद भी कोई नियमित और ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। कभी-कभार की गई कार्रवाई भी केवल दिखावे तक सीमित रहती है, जिससे अतिक्रमणकारियों के हौसले और बुलंद हो गए हैं। अब स्थिति यह जनाबारी यह अच्छी तरह समक्ष चुके हैं कि प्रशासन की कार्रवाई स्थायी नहीं, बल्कि साल में एक-दो बार की जाने वाली रस्म अदायगी है।
इस प्रशासनिक लापरवाही का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। बुजुर्ग, महिलाएं, छोटे बच्चे और विशेष रूप से स्कूली छात्र जिनकी संख्या हजारों में है। फुटपाथों के अभाव में तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पर चलने को मजबूर हैं। शहर में यातायात का दवाव लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में पैदल चलना जोखिम भरा हो चुका है। हर दिन किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। फुटपाथ खाली न होने के कारण सड़क पार करना भी चुनौती बन गया है।
दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। सवाल यह उठता है कि क्या प्रशासन किसी गंभीर दुर्घटना के बाद ही जागेगा। लोगों की मांग है कि नगर परिषद और प्रशासन तत्काल सख्त, नियमित और प्रभावी अभियान चलाकर फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करे और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद घुमारवीं खेम चंद वर्मा ने कहा कि हम लगातार निरीक्षण करते हैं और कार्रवाई भी की जारी है। दोबारा निरीक्षण किया जाएगा और अगर कोई भी अतिक्रमण पाया जाता है तो उसके सामान को जब्त कर लिया जाएगा। साथ ही जहां तक गाड़ियां फुटपाथ पर खड़ी करने की बात है तो पुलिस को साथ में लेकर गाड़ियों पर की कार्रवाई की जाएगी।