ऋषि महाजन/नूरपुर। जिला कांगड़ा के जल शक्ति विभाग मंडल फतेहपुर की कर्मचारी यूनियन इकाई के चुनाव भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह, फतेहपुर में संपन्न हुए। इसमें कृष्ण गोपाल को लगातार तीसरी बार सर्वसम्मति से प्रधान चुना गया। नई कार्यकारिणी का कार्यकाल पहले की तरह तीन वर्ष का रहेगा।
चुनाव प्रक्रिया भारतीय मजदूर संघ के जिला उपाध्यक्ष सुजान सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जबकि प्रदेश अध्यक्ष मदन राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे। नई कार्यकारिणी में सुभाष चंद और जयपाल को उपप्रधान, सोमराज को महामंत्री, कमल कुमार और रोहित कुमार को सचिव, सुरेन्द्र कुमार को कोषाध्यक्ष तथा बलबान सिंह को प्रेस सचिव चुना गया। इसके अलावा जय सिंह, साहिल कुमार, गुरनाम सिंह और संसार सिंह को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है।
नव-निर्वाचित इकाई प्रधान, फतेहपुर कृष्ण गोपाल का कहना है कि तीसरी बार प्रधान चुनकर जो विश्वास साथियों ने मुझ पर जताया है, उसके लिए वह सभी का धन्यवाद करता हूं। हमारा प्रयास रहेगा कि कर्मचारियों की हर छोटी-बड़ी समस्या को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाए और उनका समाधान करवाया जाए। विभाग से जुड़े लंबित मुद्दों, सुविधाओं और कर्मचारियों के अधिकारों को लेकर संगठन मजबूती से काम करेगा और सभी को साथ लेकर आगे बढ़ेगा।
भारतीय मजदूर संघ हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष मदन राणाा ने कहा कि कर्मचारी संगठन कर्मचारियों की आवाज होते हैं और उनका मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना होता है। हमें विश्वास है कि नई कार्यकारिणी कर्मचारियों की समस्याओं को मजबूती से उठाएगी और समाधान के लिए विभाग के साथ संवाद स्थापित करेगी। संगठन को मजबूत बनाकर कर्मचारियों के अधिकारों के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।