बिलासपुर। राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला बिलासपुर-2026 के लिए आयोजित की गई लोगो डिजाइन प्रतियोगिता में जाहन्वी शर्मा ने सबसे बेहतरीन लोगो तैयार कर प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया है। जाहन्वी शर्मा द्वारा तैयार यह लोगो अब मेले का आधिकारिक लोगो बनेगा।
इस बारे जानकारी देते हुए उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला बिलासपुर-2026 के लिए लोगो तैयार करने को लोगो डिजाइन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिला बिलासपुर के विभिन्न स्थानों से प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया।
उन्होंने बताया कि प्राप्त लोगो की प्रविष्टियों के चयन के लिए सहायक आयुक्त राजकुमार की अध्यक्षता में एक मूल्यांकन कमेटी का गठन किया गया। जिसमें जिला लोक संपर्क अधिकारी राजेश जसवाल सदस्य सचिव तथा जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल तथा डीपीई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्रा) बिलासपुर के विकास पुंडीर बतौर सदस्य शामिल रहे।
राहुल कुमार ने बताया कि लोगो डिजाइन प्रतियोगिता की इस चयन समिति ने पहले तीन स्थान प्राप्त करने वाले लोगो का चयन कर लिया है। जिसमें जाहन्वी शर्मा का लोगो पहले, संजय कुमार का लोगो दूसरे तथा दिव्यांशु शर्मा का लोगो तीसरे स्थान पर रहा है।
उन्होंने बताया कि लोगो डिजाइन प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 11 हजार, 51 सौ तथा 21 सौ रुपये का इनाम दिया जाएगा। साथ ही सबसे बेहतरीन लोगो को अब मेले का आधिकारिक लोगो भी बनाया जाएगा।
इसके अतिरिक्त लोगो डिजाइन प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए एक-एक हजार रुपये के दस सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि सांत्वना पुरस्कार प्राप्त करने वालों में निखिल जम्वाल, निखिल राणा, डॉ तरूण सोनी, दिशा कुमारी, ईशा देवी, मोहम्मद ईसान, अर्शित चैहान, ज्योति जम्वाल, शानवी तथा सुप्रिया शामिल है।
उपायुक्त ने राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला को लेकर आयोजित लोगो डिजाइन प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सभी प्रतिभागियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोगो डिजाइन प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी सृजनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हुआ है, जो नलवाड़ी मेले जैसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के आयोजन के प्रचार-प्रसार में भी सहायक सिद्ध होगा।