प्रियंका गांधी ने शिमला में किया आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, प्रभावित परिवारों से मिलीं
ewn24news choice of himachal 13 Sep,2023 10:55 pm
केंद्र से हिमाचल को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की उठाई मांग
शिमला। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने हिमाचल दौरे के दूसरे दिन शिमला के आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा किया। पहले प्रियंका गांधी ने समरहिल के शिव बावड़ी और उसके बाद कृष्णानगर आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और मंत्री अनिरुद्ध सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे। इस दौरान प्रियंका गांधी ने बरसात से हुए नुकसान का जायज़ा लिया और आपदा प्रभावितों से बातचीत की।
इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल में बरसात में भारी नुकसान हुआ जिससे काफी दर्दनाक स्थिति बनी है। पहली बार इस तरह का नुकसान देखने को मिला है कई लोगों के घर ढह गए हैं और सड़कें बह गई हैं। मनाली कुल्लू में ज्यादा नुकसान हुआ है। बीते दिन वहां पर जायजा लिया था इस आपदा की घड़ी में मुख्यमंत्री सहित मंत्री काम कर रहे हैं और प्रभावितों की मदद करने में जुड़े हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार से हिमाचल को जल्द से जल्द राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की और कहा कि यदि इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाता है तो प्रदेश को काफी फायदा होगा और प्रभावितों को मदद हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार यह नहीं समझ पा रही है कि हिमाचल प्रदेश में कितना नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि मालूम नहीं है कि संसद के विशेष सत्र का मुद्दा क्या है लेकिन जो भी हो सदन में भी इस मुद्दे को उठाया जाएगा।
वहीं, सेब पर इंपोर्ट ड्यूटी कम करने पर भी प्रियंका ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हिमाचल पहले ही आपदा से जूझ रहा है और यहां पर सेब काफी ज्यादा होता है केंद्र सरकार ने इंपोर्ट ड्यूटी कम कर दी है जो की दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में इस आपदा की घड़ी में राजनीति नहीं की जानी चाहिए।
यह नहीं देखा जाना चाहिए कि राज्य में किसकी सरकार है इस तरह की आपदा पहली बार देखने में आई है लोग परेशान है उनकी मदद करने के लिए सबको आगे आना चाहिए और इसका राजनीतिकरण बिल्कुल नहीं होना चाहिए। केंद्र सरकार को भी इस बात को समझना चाहिए।
वहीं, इस दौरान प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी मौजूद रही। इस मौके पर प्रतिभा सिंह ने प्रियंका गांधी के हिमाचल दौरे के बारे में जानकारी दी और एक बार फिर केंद्र सरकार से हिमाचल प्रदेश में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि मानसून सत्र के दौरान उन्हें प्रदेश की आवाज़ उठाने का मौका सदन में नहीं मिल पाया लेकिन अब विशेष सत्र के दौरान वह सदन में अपनी आवाज उठाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से मिलना बेहद कठिन है और हिमाचल के हालतों को लेकर उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से बातचीत की है और प्रदेश के लिए मदद मांगी।