राकेश कुमार/बिलासपुर। क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजकीय प्राथमिक पाठशाला लखाला में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सांसद मोबाइल स्वास्थ्य वन के डॉक्टरों एवं स्टाफ ने पहुंचकर बच्चों व स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य की गहन जांच की।
शिविर के दौरान 50 बच्चों के हीमोग्लोबिन स्तर तथा रक्त समूह की जांच की गई। साथ ही बच्चों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। जिन बच्चों में किसी प्रकार की कमी पाई गई, उन्हें चिकित्सकों द्वारा मौके पर ही आवश्यक दवाइयां दी गईं और उचित परामर्श प्रदान किया गया।
कुल मिलाकर लगभग 70 लोगों ने इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया। इस अवसर पर सेवानिवृत्ति केंद्र के मुख्य शिक्षक श्री जोगेंद्र पाल शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शिविर के सफल आयोजन में उनकी विशेष भूमिका रही।
राजकीय प्राथमिक पाठशाला लखाला के मुख्य शिक्षक अनिल कुमार तथा माध्यमिक पाठशाला की मुख्याध्यापिका मीना देवी ने चिकित्सक दल एवं जोगेंद्र पाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।