शिमला। हिमाचल प्रदेश में बारिश से राहत के बाद अब फिर मौसम बिगड़ने की संभावना है। तीन दिन के लिए येलो अलर्ट जारी है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की 1 अक्टूबर 2025 की अपडेट के अनुसार पांच अक्टूबर को ऊना और बिलासपुर में ओलावृष्टि, एक दो स्थानों पर गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवा चलने की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। वहीं, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों में एक दो स्थानों पर गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे से तेज हवाएं चलने की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अपडेट के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 6 अक्टूबर को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही मैदानी और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक से दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। 7 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। पहली, दो, तीन और चार अक्टूबर को मैदानी क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है।
पिछले कल यानी मंगलवार को ऊना में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। बुधवार को ताबो का सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटे में भावानगर, सुजानपुर, पांवटा साहिब, कांगड़ा, नगरोटा सूरियां, कोठी, निचार, जोगिंद्रनगर और पालमपुर में बारिश हुई है।