ऋषि महाजन/नूरपुर। नूरपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की गई है। सीआईए (CIA) नूरपुर की टीम ने कठुआ (जम्मू-कश्मीर) से एक मुख्य नशा तस्कर को दबोचने में सफलता प्राप्त की है।
जानकारी के अनुसार, थाना नूरपुर के अंतर्गत एफआईआर नंबर 206/2025 u/s NDPS Act दर्ज की गई थी। 11 अक्टूबर 2025 को कांडवाल बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान 6.044 किलोग्राम चरस बरामद की गई थी। उस समय मंडी जिले के तीन आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया गया था।
01 नवंबर 2025 को जांच को आगे बढ़ाते हुए, मुख्य आरोपी शुभकरण (निवासी समकेहर, तहसील जवाली, जिला कांगड़ा) को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया।
गहन पूछताछ के बाद इस पूरे रैकेट के एक और मास्टरमाइंड विजय कुमार उर्फ VK (निवासी कठुआ, जम्मू-कश्मीर) को 22 मार्च 2026 रविवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में सामने आया कि चरस की यह खेप इसी आरोपी को पहुंचाई जानी थी।
इस गिरफ्तारी के साथ, नूरपुर पुलिस ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में फैले एक बड़े इंटरस्टेट ड्रग ट्रैफिकिंग नेटवर्क की कमर तोड़ दी है। इन आरोपियों से पूछताछ के बाद इस अंतरराज्यीय नेटवर्क में शामिल कुछ अन्य आरोपियों की संलिप्तता का भी पता लगाया जाएगा।