मंडी। जिला मंडी में महिलाओं और पुरुषों के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। यहां पर बीमा सखी व रूरल करियर एजेंट के 100 पद भरे जा रहे हैं।
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि भारतीय जीवन बीमा निगम, शाखा सुंदर नगर की ओर से जिला रोजगार कार्यालय, मंडी को बीमा सखी के 50 पद तथा रूरल करियर एजेंट के 50 पदों सहित कुल 100 पदों के लिए अधिसूचना प्राप्त हुई है। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास निर्धारित की गई है। साक्षात्कार 25 नवंबर से 27 नवंबर, 2026 तक होंगे।
उन्होंने बताया कि बीमा सखी पदों के लिए 18 से 65 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं पात्र होंगी। अधिसूचना के अनुसार चयनित महिलाओं को निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति करने पर प्रथम वर्ष 7,000 रुपए प्रतिमाह, द्वितीय वर्ष 6,000 रुपए प्रतिमाह तथा तृतीय वर्ष 5,000 रुपए प्रतिमाह स्टाइपेंड ( वजीफा) प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बीमा पॉलिसियों की बिक्री पर नियमानुसार कमीशन भी दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रूरल करियर एजेंट पदों के लिए 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के (अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के लिए अधिकतम 40 वर्ष) के युवा पात्र होंगे।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को पॉलिसियों की बिक्री पर नियमानुसार कमीशन के अतिरिक्त, निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति करने पर शुरुआती वर्षों में स्टाइपेंड (भत्ता) प्रथम वर्ष 5,000 रुपए प्रतिमाह तथा द्वितीय वर्ष 4,000 रुपए प्रतिमाह तक स्टाइपेंड दिया जाएगा।
इच्छुक पात्र महिलाएं एवं युवा अपने समस्त मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों एवं उनकी छायाप्रतियों, पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ तथा रोजगार पंजीकरण प्रमाण-पत्र सहित साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि यह साक्षात्कार 25 नवम्बर, 2026 को उप-रोजगार कार्यालय, थुनाग में, 26 नवम्बर, 2026 को उप-रोजगार कार्यालय, गोहर में तथा 27 नवम्बर, 2026 को उप-रोजगार कार्यालय, सुन्दरनगर में प्रातः 10.30 बजे से होंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि साक्षात्कार में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 अथवा संबंधत नियोक्ता के मोबाईल नम्बर +91-9418158571 पर संपर्क किया जा सकता है।