शिमला। हिमाचल प्रदेश में पहली बार अदरक का का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) तय होगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बजट भाषण के दौरान की है। मुख्यमंत्री ने अदरक का एमएसपी 30 रुपए प्रति किलो तय करने का ऐलान किया।
वहीं, प्राकृतिक खेती से उगाई गेहूं का एमएसपी 60 से बढ़ाकर 80, मक्का का 40 से 50, पांगी घाटी के जौं का 60 से 80 व हल्दी का 90 से बढ़ाकर 150 करने का भी ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने जलाशय की मछली का भी एमएसपी तय करने का ऐलान किया है। यह 100 रुपए प्रति किलो होगा।
अगर मछली इससे कम दाम पर बिकती है तो अधिकतम 20 रुपए अनुदान डीबीटी के माध्यम से सरकार अदा करेगी। इसके अलावा मछली आखेट पर रोक के दौरान मछुआरों को एकमुश्त 3 हजार 500 रुपए सम्मान निधि प्रदान करने का भी ऐलान किया। ट्राउट किसानों के लिए रिस्क फंड स्कीम लागू होगी।