शिमला। हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने 300 यूनिट बिजली फ्री देने की गारंटी का पूरा करने की शुरुआत कर दी है। हिमाचल विधानसभा बजट भाषण के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के आर्थिक रूप से वंचित एक लाख परिवारों के लिए मुख्यमंत्री अपना सुखी परिवार योजना शुरू करने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इन परिवारों को 300 यूनिट बिजली फ्री देने और परिवार की महिलाओं को 1500-1500 रुपए सम्मान निधि देने का भी ऐलान किया। इसके अलावा जिन परिवारों के पास पक्के मकान नहीं है, उन्हें चरण बंद तरीके से पक्के मकान बनाए जाएंगे।
हिमाचल प्रदेश में पहली बार अदरक का का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) तय होगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बजट भाषण के दौरान की है। मुख्यमंत्री ने अदरक का एमएसपी 30 रुपए प्रति किलो तय करने का ऐलान किया।
वहीं, प्राकृतिक खेती से उगाई गेहूं का एमएसपी 60 से बढ़ाकर 80, मक्का का 40 से 50, पांगी घाटी के जौं का 60 से 80 व हल्दी का 90 से बढ़ाकर 150 करने का भी ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री ने जलाशय की मछली का भी एमएसपी तय करने का ऐलान किया है। यह 100 रुपए प्रति किलो होगा। अगर मछली इससे कम दाम पर बिकती है तो अधिकतम 20 रुपए अनुदान डीबीटी के माध्यम से सरकार अदा करेगी। इसके अलावा मछली आखेट पर रोक के दौरान मछुआरों को एकमुश्त 3 हजार 500 रुपए सम्मान निधि प्रदान करने का भी ऐलान किया।
बजट भाषण के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में 2 लाख 65 हजार बीपीएल परिवार हैं। बोला जा रहा है कि 2 लाख 65 हजार को मिलने वाले लाभ बंद हो जाएंगे, जोकि सही नहीं है।
योजना को शुरू करने का मकसद अति गरीब परिवारों की पहचान करना है। उन्होंने कहा कि बीपीएल सर्वेक्षण के दौरान चौकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। सामने आया है कि प्रदेश में 27 हजार परिवारों के पास पक्का मकान नहीं है। इसमें 10 हजार लोग बीपीएल सूची में भी नहीं हैं।