शिमला। हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने कार्यकाल का चौथा बजट पेश किया। बजट भाषण में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में एक-एक हजार की बढ़ोतरी का ऐलान किया गया है।
साथ ही आशा वर्कर के मानदेय में एक हजार, सिलाई टीचर के मानदेय में एक हजार, मिड डे मील वर्कर के मानदेय में 500, शिक्षा विभाग के वाटर कैरियर के मानदेय में 500, जल रक्षकों के मानदेय में भी 500 की बढ़ोतरी की घोषणा की है।
जल शक्ति विभाग और पीडब्ल्यूडी के मल्टी टास्क वर्कर के मानदेय में 500-500, पैरा फिटर, पंचायत चौकीदार, राजस्व चौकीदार, एसएमसी शिक्षक, आईटी टीचर, एसपीओ और पार्ट मल्टी टास्क वर्कर के मानदेय में भी 500-500 रुपए की बढ़ोतरी होगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री के वेतन को 50 फीसदी, डिप्टी सीएम और मंत्री के वेतन को 30 फीसदी, विधायकों के वेतन को 20 फीसदी अगले 6 माह के लिए स्थगित करने का भी ऐलान किया गया है। बोर्ड के चेयरमैन, डिप्टी, सलाहकार के वेतन का 20 फीसदी भी इस अवधि तक स्थगित रहेगा।
इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारियों के वेतन को भी 6 माह के लिए स्थगित किया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की वित्तीय स्थिति के मध्यनजर ये निर्णय लिया है। जैसे ही प्रदेश की वित्तीय स्थिति ठीक होगी यह राशि अदा कर दी जाएगी।