मनाली। कुल्लू जिला में मनाली के साथ लगते शलीन गांव के पास एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां पर एक गाड़ी ढांक से गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया है।
मृतक की पहचान हरदयाल सिंह (43) निवासी शलीन तहसील मनाली के रूप में हुई है जबकि आत्मा राम (32) निवासी शलीन घायल हो गया।
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि गाड़ी (नंबर एचपी 58ए-5826) में बैठकर दो व्यक्ति मनाली से शलीन जा रहे थे। शलीन से थोड़ा पीछे गाड़ी ढांक में गिर गई। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है जबकि दूसरा घायल हुआ है।
घायल को उपचार के लिए एम्स अस्पताल बिलासपुर रैफर किया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।