राजगढ़। सिरमौर जिला के राजगढ़ खंड के पझौता क्षेत्र के टपरोली गांव में मंगलवार रात एक भीषण अग्निकांड हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 11:00 बजे जदोल टपरोली पंचायत के टपरोली गांव में मनोज ठाकुर पुत्र स्वर्गीय बलदेव ठाकुर के घर में अचानक आग लग गई।
आग लगने से पूरा घर आग के गोले में तब्दील हो गया और कुछ ही समय में घर पूरी तरह से राख हो गया। इसकी चपेट में एक गाय और एक बछड़ा भी आ गए और झुलसकर प्राण त्याग दिए।
इस घर में राजू नामक व्यक्ति अपने पूरे परिवार के साथ रहता था। गनीमत रही कि उनका पूरा परिवार सकुशल है। इस अग्निकांड पर देवठी मझगांव वार्ड से जिला परिषद सदस्य विनय भगनाल और हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मनीष भगनाल ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
विनय भगनाल ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस अग्निकांड में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है परंतु इसमें एक गाय और बछड़े ने जान गंवा दी वहीं मकान भी पूरी तरह जलकर राख हो गया है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि प्रशासन घर के मालिक और इस घर में रह रहे लोगों की आर्थिक मदद करे।