धर्मशाला। इस वर्ष जिला कल्याण कार्यालय कांगड़ा द्वारा एक सत्यापन और जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान में पाया गया कि कुछ व्यक्तियों ने गलत तरीके से योजनाओं का लाभ लेने का प्रयास किया है।
जिला श्रम कल्याण अधिकारी, कांगड़ा स्थित धर्मशाला लोकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जांच के दौरान 135 मजदूरों के पंजीकरण में गड़बड़ी पाई गई, जिनमें दोहरा पंजीकरण और गलत दस्तावेज शामिल थे। इन सभी मामलों को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है तथा गलत पंजीकरण करवाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड का मुख्य उद्देश्य पंजीकृत मजदूरों एवं उनके परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य तथा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाना है। वर्तमान समय में बोर्ड द्वारा 14 प्रकार की कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि बोर्ड यह सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है कि इन योजनाओं का लाभ केवल पात्र और वास्तविक मजदूरों तक ही पहुंचे। कामगार कल्याण बोर्ड पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्य कर रहा है और भविष्य में भी करता रहेगा। बोर्ड का उद्देश्य केवल पात्र और वास्तविक मजदूरों का कल्याण करना है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्यवाही सुनिश्चित करना है।