मंडी। जिला मंडी में भूस्खलन की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं। मंडी-मनाली नेशनल हाईवे पर हनोगी के पास आज सुबह करीब सात बजे भारी भूस्खलन हुआ।
भारी भूस्खलन के कारण पूरी सड़क को बंद कर दिया है। घटना से पहले पंडोह चौकी प्रभारी अनिल कटोच और उनकी टीम सुबह करीब 6.30 बजे से वाहनों को गाइड कर रहे थे। टीम जोगनी माता मंदिर होते हुए खोतीनाले तक पहुंची।
वहां सड़क पर 5-6 पत्थर देखकर चौकी प्रभारी अनिल कटोच और ट्रैफिक इंचार्ज चेतराम ने मौके का मुआयना किया। अचानक पहाड़ से आवाजें आने लगीं। पुलिस टीम ने तुरंत वाहनों को पीछे हटाया। कुछ ही पलों में पूरा पहाड़ सड़क पर आ गिरा।
पुलिस की सूझबूझ से कोई जानहानि नहीं हुई। गोर हो कि शुक्रवार को हाईवे सुबह 11:00 बजे खोला गया था। सुरक्षा कारणों से रात 8:00 बजे यातायात बंद कर दिया गया था। भूस्खलन के कारण अब हाईवे को खोलने में समय लगेगा।