घुमारवीं। बिलासपुर जिला के उपमंडल घुमारवीं के चलैहली गांव में एक दुखद हादसा हुआ है। यहां पर रंगड़ों के काटने से 33 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार, मनी देवी पत्नी देवराज को उनके घर के पास रंगड़ों ने काट लिया था। परिजन उन्हें तुरंत हरलोग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। उपचार के बाद उसी दिन उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।
हालांकि, तीन दिन बाद अचानक मनी देवी की तबीयत फिर से बिगड़ गई। उनकी हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें तुरंत बिलासपुर क्षेत्रीय अस्पताल ले गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मनी देवी के पति देवराज और उनके मायके पक्ष के लोगों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इसकी जांच कर रही है।
महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए एम्स बिलासपुर भेजा गया था। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।