हिमाचल क्रिप्टो करंसी स्कैम : लोगों के 500 करोड़ रुपए डूबे, नहीं मिलेंगे वापस
ewn24news choice of himachal 05 Nov,2023 12:07 am
अब तक करीब 300 शिकायतें पहुंची
शिमला। हिमाचल क्रिप्टो करंसी स्कैम में करीब 500 करोड़ रुपए जो लोगों ने लगाया था, वह रिकवर नहीं हो सकता है। यानी जिन लोगों ने पैसा लगाया था उन्हें मिल नहीं सकता है। यह जानकारी डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने शिमला में मीडिया से बातचीत में दी है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल में 2500 करोड़ का क्रिप्टो करंसी घोटाला सामने आया है। मामले में 10 आरोपियों को एसआईटी (SIT) द्वारा गिरफ्तार किया गया है। एक लाख लोगों को डबल पैसे के चक्कर में ठगा गया है।
मार्च में एसआईटी का गठन किया गया था। अब तक 300 लोग शिकायत कर चुके हैं। अभी भी शिकायतें पहुंच रही हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि आने वाले समय में 50 आरोपियों की ओर गिरफ्तारी हो सकती है।
पुलिस ने आरोपियों की साढ़े आठ करोड़ की संपति जब्त की है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जिन्होंने 2 करोड़ से अधिक पैसा कमाया है और नीचे वालों को चूना लगा है, उन लोगों को किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा।
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 200 करोड़ ठगी से कमाकर मंडी के सुभाष दुबई चले गए, उनको लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में 80 मोबाइल जब्त किए गए हैं।
क्रिप्टो में 5000 सरकारी कर्मचारियों ने भी धन लगाया। कुछ लोगों ने डबल के लालच में तो नौकरियां तक छोड़ दी, जिन लोगों को फोरलेन में पैसा मिला उनका पैसा भी इस ठगी में लगवाया गया। मामले में पुलिस जल्द चालान पेश करेगी।