मुख्यमंत्री सुक्खू बोले- केंद्र की ओर से हिमाचल को नहीं मिली कोई अंतरिम राहत राशि
ewn24news choice of himachal 25 Jul,2023 12:07 am
सरकार ने आपदा के बाद बेहतरीन कार्य किया
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मीडिया के साथ बातचीत में कहा कि सरकार ने आपदा के बाद बेहतरीन कार्य किया है। सरकार लगातार आपदा प्रभावितों को मदद पहुंचाने के काम कर रही है। हिमाचल प्रदेश सरकार वित्तीय संकट से जूझ रही है। बावजूद इसके आपदा प्रभावितों को कोई समस्या आने नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से जो सहायता मिली है, वह स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फंड के तौर पर आई है।
अब तक हिमाचल प्रदेश को केंद्र की ओर से कोई अंतरिम राहत राशि नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग केवल राजनीति करने का काम कर रहे हैं। विपक्षी नेता चाहते हैं कि वे लगातार अखबारों की सुर्खियां बटोरें। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष की इन बातों का कोई जवाब नहीं देना चाहते। आपदा खत्म होने के बाद विधानसभा सत्र में सभी बातों का जवाब देंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि विपक्षी नेता केवल राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं। यदि सरकार में तालमेल न होता, तो दो दिन के भीतर की आपदा प्रभावितों को राहत कैसे मिल जाती? उन्होंने कहा कि प्रभावितों को सरकार ने राहत पहुंचाने का काम किया है।
हिमाचल प्रदेश में प्री मानसून और मानसून के दौरान भारी तबाही हुई है। अभी कई इलाकों में बारिश हो रही है और नुकसान बढ़ता ही चला जा रहा है। सरकार लगातार प्रभावितों तक पहुंच कर उन्हें मदद पहुंचाने की कोशिश कर रही है। वहीं, शिमला पहुंची एनएसजी टीम को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि एनएसजी ने मामले में साक्ष्य जुटाए हैं।