शिमला। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने हिमाचल प्रदेश वित्त एवं लेखा सेवा, वर्ग-II (राजपत्रित) के 30 पदों पर भर्ती के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट (प्रारंभिक परीक्षा) का परिणाम घोषित कर दिया है।
ये पद हिमाचल प्रदेश कोषागार, लेखा एवं लॉटरी विभाग में भरे जाने हैं। इन पदों के लिए 29 दिसंबर 2024 को स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया था। इसमें 299 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया है।
विज्ञापन की शर्तों के अनुसार, सभी योग्य उम्मीदवारों को हिमाचल प्रदेश वित्त एवं लेखा सेवाएं, वर्ग-II (राजपत्रित) कोषागार, लेखा एवं लॉटरी विभाग, हिमाचल प्रदेश मुख्य लिखित परीक्षा के लिए नए सिरे से आवेदन करना होगा, जिसके लिए आयोग द्वारा शीघ्र ही लिंक सक्रिय कर दिया जाएगा।
रिजल्ट हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। रिजल्ट निकाले जाने की पुष्टि आयोग डिप्टी सेक्रेटरी जसबीर सिंह ने की है।