ऋषि महाजन/जवाली। पुलिस थाना जवाली के तहत गांव बनौली में एक घर में घुसकर परिवार के साथ मारपीट व जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, किरण राज पुत्री करनैल सिंह निवासी गांव बनौली डाकघर मिझग्रां तहसील जवाली जिला कांगड़ा ने पुलिस थाना जवाली में शिकायत दर्ज करवाई कि 18 सितंबर 2025 की रात लगभग 9:50 से 9:55 के बीच वह अपने परिवार के साथ घर में भोजन करने के उपरांत मौजूद थी।
उसी समय कुशल कुमार, मनमोहन, पंकज और रिंकू (सभी पुत्र बलजीत सिंह निवासी गांव बनौली) अचानक उनके घर में घुस आए और गाली गलौज करने लगे।
कुशल कुमार जिसके हाथ में दराट था तथा मनमोहन जिसके पास छोटा दराट था ने शिकायतकर्ता के पिता करनैल सिंह और भाई अंग्रेज सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया।
जब शिकायतकर्ता की माता ने बीच बचाव करने की कोशिश की तो कुशल ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और फिर करनैल सिंह पर दराट से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के उपरांत सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
शुक्रवार 19 सितंबर 2025 को दर्ज उक्त शिकायत के आधार पर पुलिस थाना जवाली में मामला दर्ज कर लिया गया। इस मामले में पुलिस जिला नूरपुर द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों की तलाश विभिन्न स्थानों पर की गई।
पुलिस जिला नूरपुर द्वारा पेशेवर ढंग से कार्रवाई करते हुए उपरोक्त मामले में नामांकित सभी आरोपियों को गांव घोली नजद फतेहपुर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई। उपरोक्त मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जिला पुलिस नूरपुर आम जनता को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।