रेखा चंदेल/झंडूता। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर झंडूता में शनिवार को जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा ठाकुर ने शिरकत की, जबकि झंडूता के विधायक जीत राम कटवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस मौके पर झंडूता क्षेत्र के विभिन्न महिला मंडलों की सदस्य कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचीं। महिलाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों, सशक्तिकरण और समाज में उनकी भागीदारी को लेकर जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि सीमा ठाकुर ने महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मजबूत कदम उठा रही हैं।
विधायक जीत राम कटवाल ने भी अपने संबोधन में महिलाओं के योगदान को सराहते हुए उनके उत्थान के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस कार्यक्रम में क्षेत्र की कई गणमान्य हस्तियां और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।