गगल। स्टेट कैडर के विरोध में उतरे पटवार और कानूनगो महासंघ की प्रदेश बॉडी और पांच जिलों के पदाधिकारियों ने गगल स्थित कांगड़ा एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल प्रदेशाध्यक्ष सतीश चौधरी की अगुवाई में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिला। महासंघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को विस्तृत रूप से सभी बातों के बारे जानकारी दी।
बताया कि स्टेट कैडर से कैसे पटवारी और कानूनगो की प्रमोशन और वरिष्ठता पर प्रभाव पड़ रहा है। इसके अलावा 20 फीसदी कोटे को लेकर भी बात सीएम के समक्ष रखी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 15 अप्रैल के बाद सभी मुद्दों पर चर्चा करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के आश्वासन के बाद महासंघ ने रविवार शाम को सभी पटवार एवं कानूनगो महासंघ पदाधिकारियों से वर्चुअल बात करे हड़ताल को लेकर आगामी निर्णय लेने का फैसला लिया है। कल शाम को पता चलेगा कि महासंघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी या समाप्त होगी।
हिमाचल पटवार और कानूनगो महासंघ के अध्यक्ष सतीश चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि स्टेट कैडर की नोटिफिकेशन को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। शनिवार को मुख्यमंत्री से पांच जिलों के पदाधिकारी मिलें हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को विस्तृत रूप से बताया कि स्टेट कैडर करने के पटवारी और कानूनगो को क्या नुकसान हो रहे हैं। हमारी प्रमोशन और वरिष्ठता को क्या नुकसान हो रहे हैं। इसके अलावा मुख्य मांग 20 फीसदी कोटा की भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आश्वस्त किया है कि मिनिस्ट्रियल स्टाफ वाले भी उनके पास आए थे, तो आप भी अपना पक्ष रखें, हम दोनों वर्गों को एक मंच पर बिठाकर आपसे सारी बात समझते हैं। 15 अप्रैल के बाद आप हमारे पास आएं। आपसे विस्तृत चर्चा होगी।
स्टेट कैडर की नोटिफिकेशन में क्या-क्या कमियां रहीं हैं, उस पर भी चर्चा करेंगे। अब सभी जिला प्रधान अपनी अपनी यूनिट में बात करके रविवार शाम को सरकार को बता देंगे कि हमने आंदोलन को आगे ले जाना है या खत्म करना है।