पालमपुर। चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर जिला कांगड़ा के तहत पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को फरवरी माह का वेतन अब तक नहीं मिला है। चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के अंतर्गत पशु चिकित्सा एवं विज्ञान महाविद्यालय शिक्षक संघ (वास्ता) के पदाधिकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन एवं वित्त नियंत्रक से फरवरी माह वेतन ना मिलने पर रोष व्यक्त किया।
संघ ने पांच मार्च से काले बिल्ले लगाकर काम करने और 6 मार्च को शिक्षण, प्रसार एवं शोध सहित समस्त गतिविधियों स्थगित करने की चेतावनी दी है। संघ का कहना है कि प्रदेश सरकार ने विभिन्न विभागों में कार्यरत अपने कर्मचारियों एवं अधिकारियों का वेतन 1 मार्च को ही जारी कर दिया था।
दूसरी तरफ विश्वविद्यालय, बोर्ड और निगमों का वित्तीय पोषण रोक कर उनके प्रति सौतेले व्यवहार का परिचय दिया है। विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा के केंद्र बिंदु और मानव संसाधन के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में प्रदेश सरकार द्वारा विश्वविद्यालय की अनदेखी दुभाग्यपूर्ण और हतोत्साहित करने वाली है।
पशु चिकित्सा एवं विज्ञान महाविद्यालय शिक्षक संघ के प्रधान डॉ. अमित शर्मा ने कहा कि समय पर वेतन का भुगतान सभी सदस्यों का मौलिक अधिकार और सरकार व विश्वविद्यालय प्रशासन का मुख्य कर्तव्य है। सभी सदस्यों ने वेतन के अभाव में परिवार का भरन पोषण व वित्तीय देनदारियां को पूरा करने में असमर्थता व्यक्त की।
संघ ने निर्णय लिया है कि पांच मार्च 2025 से सभी सदस्य अपने कार्यक्षेत्र में काले बिल्ले लगाकर रोष व्यक्त करेंगे और उसके पश्चात भी वेतन न मिलने की परिस्थिति में 6 मार्च से शिक्षण, प्रसार एवं शोध सहित समस्त गतिविधियों को स्थगित कर देंगे।