चंबा। जिला चंबा के चुराह उपमंडल में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
टीम ने तीसा क्षेत्र में गश्त और नाकाबंदी के दौरान एक व्यक्ति को 1 किलो 318 ग्राम चरस की खेप के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जय सिंह (44 वर्ष) पुत्र पूर्ण, निवासी गांव दुदरा, डाकघर गनेड़ (तहसील चुराह, जिला चम्बा) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर गगन और हेड कांस्टेबल योगराज के नेतृत्व में एसआईयू चम्बा की टीम तीसा क्षेत्र में गश्त पर थी।
टीम ने हिमगिरी-नकरोड़ के समीप खखड़ी डैम साइड मुख्य सड़क पर नाका लगा रखा था और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही थी।
इसी दौरान सामने से पैदल आ रहे एक व्यक्ति की चाल-ढाल पुलिस को संदिग्ध लगी। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया और शक के आधार पर तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.318 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने नशे की खेप को तुरंत कब्जे में लेकर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।