केलांग। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी के बीच चंबा, किन्नौर और लाहौल स्पीति जिला में अगले 24 घंटे में हिमस्खलन की संभावना जताई गई है।
चंबा, किन्नौर और लाहौल स्पीति के 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन होने की संभावना है। जिला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई आपदा आती है तो आपदा हेल्पलाइन नंबर 𝟭𝟬𝟳𝟳 पर संपर्क कर सकते हैं।
इसके अलावा जिला आपदा नियंत्रण कक्ष में 9459461355 या कंट्रोल रूम में नंबर 8988092298 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
बता दें कि लाहौल में जाहलमा के पार दाराफाल से हिमस्खलन हुआ है जिसके चलते चंद्रभागा नदी का बहाव रुक गया है। वहीं भरमौर-बड़ग्रां मार्ग पर पलानी नाला में अचानक हिमस्खलन से मार्ग यातायात के लिए बंद हो गया है।
यहां पर हिमखंड गिरने से बड़ग्रां का संपर्क उपमंडल भरमौर से पूरी तरह से कट गया है। किन्नौर के ऊंचे ग्रामीण इलाकों में तीन फुट तक बर्फबारी दर्ज की गई है। तापमान शून्य में होने से ठंड बढ़ गई है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
भावा वैली में भी हिमस्खलन हुआ है जिसके चलते संपर्क मार्ग बाधित हो गया है। एनएच पांच पर पूरबनी झूला के पास भी हिमस्खलन हुआ है।
मूलिंग में हिमस्खलन के कारण बीच में सैलानियों की गाड़ी फंस गई थी। यह पर्यटक बर्फबारी के बीच सिस्सू से केलांग की तरफ गाड़ी में निकले थे लेकिन दालंग मैदान से आगे होमो नाला के पास हिमस्खलन से इनकी गाड़ी फंस गई। सूचना मिलने पर मूलिंग पंचायत के उपप्रधान समेत कुछ युवक बर्फबारी के बीच लगभग तीन किमी चलकर जान जोखिम में डालकर सैलानी तक पहुंचे और उन्हें रेस्क्यू कर मूलिंग गांव ले गए।